NEWS LAHAR REPORTER
छह स्थानों पर सजेगा पूजा पंडाल, रात 10 बजे तक ही बजेंगे भक्ति गीत; सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
गुवा संवाददाता। बड़ाजामदा में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा और ध्वनि नियंत्रण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार देर शाम बड़ाजामदा थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो एवं किरीबुरू इंस्पेक्टर समीर तिर्की ने की। इस दौरान विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों को पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगी रोक
बैठक में स्पष्ट किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ाजामदा क्षेत्र में भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पूजा पंडालों के आसपास वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।
छह स्थानों पर होगी दुर्गा पूजा
बड़ाजामदा थाना क्षेत्र में इस वर्ष छह स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। इनमें फुटबॉल मैदान, भट्टीसाई, मुखर्जी गैरेज, बड़ाजामदा थाना परिसर में दो स्थान तथा बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन स्थित पूजा पंडाल शामिल हैं। सभी पूजा समितियों को आपसी समन्वय बनाकर पूजा संपन्न कराने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
डीजे पर प्रतिबंध, रात 10 बजे तक ही बजेंगे भक्ति गीत
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है। सामान्य साउंड सिस्टम का उपयोग किया जा सकेगा, लेकिन रात 10 बजे तक इसे बंद करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पंडालों में केवल भक्ति गीत बजाने की अनुमति दी गई है।
सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी उपलब्ध रखने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की।
20 अक्टूबर को रावण दहन, 21 अक्टूबर को प्रतिमा विसर्जन
बैठक में बताया गया कि 20 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी।
शराब पीकर हुड़दंग करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शांति भंग करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।

