NEWS LAHAR REPORTER
10 अक्टूबर से 30 जनवरी तक चलेगा 100 दिवसीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान, जागरूकता रैली से लेकर स्वास्थ्य शिविर तक होंगे कई कार्यक्रम
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ (Meri Dosti Tumse) अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत 10 अक्टूबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक 100 दिवसीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर तथा जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसी क्रम में समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने अभियान से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य कुष्ठ रोग के लक्षणों, समय पर जांच और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।
जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और स्वास्थ्य शिविर होंगे आयोजित
100 दिवसीय अभियान के दौरान कुष्ठ रोगियों की सेवा एवं देखभाल, स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर और कुष्ठ रोगियों की पहचान से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके अलावा LCDC (लेप्रोसी केस डिटेक्शन कैंपेन), FLC सहित निर्धारित कार्यक्रमों के माध्यम से रोग की पहचान एवं उपचार को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और विद्यालय स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को कुष्ठ रोग के लक्षण, जांच की आवश्यकता तथा समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
कुष्ठ रोग से ठीक हुए लोगों को मिलेगा सम्मान
अभियान का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य कुष्ठ रोग से ठीक हो चुके व्यक्तियों के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना भी है। इसके लिए उनके साथ सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर करने और कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के तहत लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि रोग से प्रभावित व्यक्तियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उन्हें सामाजिक जीवन में समान अवसर प्रदान करें।
समय पर जांच और नियमित उपचार जरूरी : उपायुक्त
उपायुक्त राजीव रंजन ने अपने संदेश में कहा कि कुष्ठ रोग एक उपचार योग्य बीमारी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शरीर पर कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी संकोच के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और स्वास्थ्यकर्मियों की सलाह के अनुसार उपचार लें।
उन्होंने अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता बढ़ाने और कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया।
कुष्ठ रोग मुक्त और भेदभाव मुक्त समाज बनाने की अपील
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने जिले के नागरिकों से ‘मेरी दोस्ती तुमसे’ अभियान से जुड़ने और कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का व्यवहार अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने आम लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कुष्ठ रोग मुक्त एवं भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।
