NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 8 में गुरुवार रात 23 वर्षीय अजीत चंद्रन की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अपने घर के कमरे में फंदे से लटका मिला था। परिजन उसे तत्काल टिनप्लेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अजीत चंद्रन के रूप में हुई है। उसके पिता बसंत कुमार पासवान जमशेदपुर पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। अजीत कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, अजीत पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। गुरुवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद उसकी मां कमरे में पहुंचीं तो उसे फंदे से लटका पाया। इसके बाद परिजनों ने उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।

