NEWS LAHAR REPORTER
1982 से श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ आयोजित हो रहा गणेशोत्सव, गणपति बप्पा के जयकारों से भक्तिमय हुआ पूरा परिसर
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा के तिलुरघुटू में एसबीसी क्लब तिलुरघुटू की ओर से आयोजित गणेशोत्सव का भव्य एवं विधिवत उद्घाटन फीता काटकर घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन एवं झामुमो नेता बाघराय माड़ी ने किया। उद्घाटन समारोह में जादूगोड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए।
उद्घाटन के बाद अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरे पूजा परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। जगमगाती रोशनी ने लोगों का विशेष रूप से ध्यान आकर्षित किया।
गणेशोत्सव के दौरान पूरे परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं में पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। एसबीसी क्लब तिलुरघुटू के छोटे-बड़े सभी सदस्य आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
क्लब की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गणेशोत्सव को सफल बनाने में अपना सहयोग दिया।
कार्यक्रम के संबंध में क्लब के सदस्यों दीपक उरांव, संजय कालिंदी और राजेश्वर कालिंदी ने बताया कि एसबीसी क्लब तिलुरघुटू द्वारा वर्ष 1982 से लगातार गणेशोत्सव का आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता की भावना के साथ किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
गणेशोत्सव के उद्घाटन के साथ ही तिलुरघुटू में उत्सव का माहौल बन गया है। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आ रहा है।

