NEWS LAHAR REPORTER
नई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय ने 1994 में आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को रद्द करते हुए उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता की अध्यक्षता वाली बेंच ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 के उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसके तहत आनंद मोहन को जेल से रिहा किया गया था।
उच्चतम न्यायालय ने 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल मैनुअल में किए गए बदलाव को ‘मनमाना’ और असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया। इस संशोधन के जरिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी सेवक की हत्या के दोषियों की समय से पहले रिहाई पर लगी रोक हटा दी गई थी। न्यायालय ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 21 केवल दोषी के अधिकारों तक सीमित नहीं है बल्कि यह पीड़ितों, उनके परिवारों और समाज के अधिकारों की भी रक्षा करता है।
दिसंबर 1994 में बिहार के मुजफ्फरपुर में आनंद मोहन के नेतृत्व में निकल रहे एक जुलूस के दौरान भीड़ ने गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। ट्रायल कोर्ट ने साल 2007 में इस मामले में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे 2008 में पटना उच्च न्यायालय ने उम्रकैद में बदल दिया और 2012 में उच्चतम न्यायालय ने इसे बरकरार रखा। 14 साल से अधिक की सजा काटने के बाद बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव कर अप्रैल 2023 में उन्हें रिहा कर दिया था, जिसे उमा कृष्णैया ने उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी।

