NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : भाजपा सुंदर नगर मंडल की एक अहम बैठक परसुडीह स्थित लोकनाथ भवन में मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला भाजपा नेता एवं मंडल प्रभारी सुबोध झा ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जल संकट और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में 7 मई को उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सुबह 10 बजे भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल हों। सुबोध झा ने आरोप लगाया कि बागबेड़ा और छोटा गोविंदपुर की ग्रामीण जलापूर्ति योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है, जिससे करीब 2.25 लाख लोग पिछले 11 वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना में केंद्र सरकार और वर्ल्ड बैंक की करोड़ों रुपये की राशि का दुरुपयोग हुआ है।
बैठक में पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में इस योजना की नींव रखी गई थी, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतरती, तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा नेत्री मीरा मुंडा ने भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस बार पार्टी इस मुद्दे को अंजाम तक पहुंचाएगी। उन्होंने क्षेत्र में वर्षों से पानी की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहे नेताओं की सराहना की।
इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र राय, जिला उपाध्यक्ष रूबी झा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, तन्मय झा, रीना सिंह और अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
अंत में मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बैठक का संचालन प्रदीप मुखर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ईश्वर सोरेन ने दिया।

