जमशेदपुर: जमशेदपुर स्थित समाहरणालय कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 40 से अधिक नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में लोगों ने अपनी व्यक्तिगत व सार्वजनिक मुद्दों को लेकर आवेदन सौंपे और समाधान की मांग की।
जनसुनवाई में भू-विवाद, अवैध कब्जा और धमकी, बच्चों के नामांकन, दुकान आवंटन, राशन कार्ड, चिकित्सकीय इलाज, मंइयां सम्मान योजना का लाभ, झारखंड आंदोलनकारियों की पेंशन, आर्म्स लाइसेंस सहित जनहित से जुड़ी कई समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों व पदाधिकारियों को अग्रसारित किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि हर आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों को तुरंत राहत मिली।
डीसी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायत निवारण दिवस में प्राप्त मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें। साथ ही नियमित विभागीय समीक्षा कर लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नागरिकों को अनावश्यक दौड़-धूप न करनी पड़े।
प्रशासन की इस पहल से आम लोगों में विश्वास बढ़ा है कि उनकी समस्याओं का समाधान अब तेज गति से होगा।

