NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के उत्तरी करनडीह पंचायत के ग्रामीणों ने करनडीह मुख्य सड़क किनारे स्थित सरकारी नाली को अवरुद्ध किए जाने से उत्पन्न जलजमाव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि दशकों से क्षेत्र के घरों, फ्लैटों और अन्य भवनों का निकासी जल मुख्य सड़क के किनारे बनी सरकारी नाली से होकर करनडीह रेलवे क्रॉसिंग के नाले में प्रवाहित होता रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने बिना किसी प्रशासनिक अनुमति, पूर्व सूचना या स्थानीय सहमति के सरकारी नाली में सीमेंट, बालू और मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया। इसके कारण नाली का पानी सड़क पर जमा होने लगा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और लोगों के सामने स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होने लगी हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाद में पता चला कि दूसरे पंचायत के कुछ लोगों ने एकतरफा तरीके से यह कार्रवाई की है। मामले की लिखित शिकायत परसुडीह थाना में भी की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि इस मामले में अंचल अधिकारी, जमशेदपुर की ओर से नोटिस जारी किया गया, लेकिन प्रभावित ग्रामीणों से समुचित विचार-विमर्श नहीं किया गया। ग्राम प्रधान की ओर से प्रशासन के साथ बैठक भी आयोजित की गई, परंतु उसमें भी प्रभावित लोगों को पर्याप्त जानकारी और अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला।
ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि सरकारी नाली से अवैध अवरोध हटाकर जल निकासी की पूर्व व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि क्षेत्र में जलजमाव की समस्या समाप्त हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।

