NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भालुबासा स्थित टीचर्स कॉलोनी में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। लगातार बारिश के कारण कॉलोनी के करीब 40 से 50 घरों में पानी घुस गया, जबकि कई वाहन भी पानी में डूब गए। जलभराव से लोगों का सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है और आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के प्रखंड संगठन प्रभारी बिश्वजीत जेना ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश से जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे कई परिवारों के घरों में पानी भर गया है। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए उनके नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया है।
बिश्वजीत जेना ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसी भी प्रभावित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। राहत अभियान के तहत प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और हर संभव सहयोग देने का कार्य किया जा रहा है।
राहत एवं बचाव अभियान में कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पप्पू सिंह, रविंद्र मिश्रा, दीपु सिंह, अशोक सिंह, शैलेंद्र सिंह, सुरेश शर्मा, संजीव दास, मुखराम सिंह, अरुण घोष, सुग्रीव सिंह, जीवन परमाणिक, मंडल जी, मिथुन, मनोज सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रभावित परिवारों की मदद में सक्रिय भूमिका निभाई। क्षेत्र में राहत कार्य लगातार जारी है और लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

