NEWS LAHAR REPORTER
गुवा के रामनगर दुर्गा पूजा पंडाल में विधि-विधान से हुई पूजा, महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया प्रसाद
गुवा संवाददाता। नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को गुवा के रामनगर स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ की गई। इस अवसर पर सुबह से ही पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने नवरात्र का उपवास रखकर मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा क्षेत्र में शांति की कामना की।
पूजा कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नौ बजे हुई। पंडाल में पुजारी मलय पाणिग्राही ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं को नवरात्र की कथा सुनाई गई और मां ब्रह्मचारिणी की महिमा से अवगत कराया गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां ब्रह्मचारिणी तपस्या, त्याग, संयम और साधना की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से भक्तों को धैर्य, आत्मबल और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्राप्त होती है। नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।
पूजा-अर्चना के बाद पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं चना-अमृत का वितरण किया गया।
नवरात्र के दूसरे दिन रामनगर दुर्गा पूजा पंडाल में पूरे दिन भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की मंगलकामना की।
