जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित बजरंग नगर में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां खेलते-खेलते एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवम कैवर्तो के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
गोताखोर की मदद से निकाला गया शव
कुएं की गहराई अधिक होने के कारण पुलिस ने टाटा स्टील के अनुभवी गोताखोर मजहरुल बारी को बुलाया। देर रात पहुंचे गोताखोर ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा कुएं में कैसे गिरा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की तहकीकात में जुटी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।

