News Lahar Reporter
पोटका: पोटका प्रखंड के डोमजूडी पंचायत में एक सराहनीय पहल के तहत 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची का बाल विवाह समय रहते रोक दिया गया। यह कार्रवाई पंचायत की मुखिया अनिता मुर्मू की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार, बच्ची कक्षा 8 की छात्रा है और उसके माता-पिता ने उसकी शादी तय कर दी थी। जैसे ही इस बात की सूचना मुखिया को मिली, उन्होंने तुरंत पहल करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बच्ची के अभिभावकों को स्कूल में बुलाया और समझाने का प्रयास किया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने अभिभावकों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और बच्ची की शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। काफी समझाने-बुझाने के बाद अभिभावकों ने बाल विवाह नहीं करने का निर्णय लिया और बच्ची की पढ़ाई जारी रखने का भरोसा दिया।
इस दौरान पंचायत सचिव अमित रोशन बाड़ा, उपमुखिया जयगोपाल दास, वार्ड सदस्य शुरुबली सोरेन, कुंभवती सरदार, अंजली मुर्मू, श्याम किस्कू और वीएलई विक्रम दास समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि पंचायत क्षेत्र में बाल विवाह किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
मुखिया अनिता मुर्मू ने आम लोगों से अपील की है कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई होने के साथ ही कानूनन अपराध भी है। अगर कहीं भी इस तरह की घटना की जानकारी मिले, तो तुरंत पंचायत को सूचित करें, ताकि समय रहते बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।

