NEWS LAHAR REPORTER
अतिरिक्त ठेका श्रमिकों को रोजगार और पुराने कर्मियों को उच्च श्रेणी में पदोन्नति देने की मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
गुवा। सेल गुवा प्रबंधन के अधीन कार्यरत सफाई कर्मियों की लंबित समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने प्रबंधन के समक्ष आवाज बुलंद की है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सीजीएम चंद्रभूषण कुमार, महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह एवं उप महाप्रबंधक राम बाबू डोराडला से मुलाकात कर सफाई कर्मियों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। साथ ही, मांगों पर निर्णय लेने के लिए प्रबंधन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया है।
बैठक के दौरान रामा पांडे ने कहा कि सफाई कर्मी लंबे समय से पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। पूर्व में भी प्रबंधन की ओर से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं दिख रही है।
संघ ने अतिरिक्त सफाई कर्मियों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा वर्षों से कार्यरत पुराने सफाई कर्मियों को उनकी वर्तमान श्रेणी से उच्च श्रेणी में पदोन्नति देने की मांग प्रमुखता से उठाई। रामा पांडे ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की लगातार अनदेखी करना उचित नहीं है। प्रबंधन को उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करना चाहिए।
वहीं, सीजीएम चंद्रभूषण कुमार ने मामले में सकारात्मक पहल करते हुए संघ से एक सप्ताह का समय मांगा। उन्होंने बताया कि गुवा अस्पताल की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई मशीन मंगाई जा रही है। मशीन के संचालन के लिए चार नए ठेका श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस पर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि प्रबंधन को मांगों पर निर्णय लेने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। यदि निर्धारित अवधि में सफाई कर्मियों की लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो झारखंड मजदूर संघर्ष संघ सफाई कर्मियों के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी सेल प्रबंधन की होगी।

