जमशेदपुर : सरायकेला थाना क्षेत्र के शासन गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव महुआ के पेड़ से लटका मिला। शव की पहचान शासन गांव में किराए पर रहने वाले अनिल सिंह मुंडा के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि अनिल का शव गमछे के सहारे पेड़ से लटका हुआ था। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों के अनुसार, अनिल रविवार देर रात करीब 10 बजे घर लौटा था। खाना खाने के बाद सभी सो गए, लेकिन रात में वह कब घर से निकला, किसी को पता नहीं चला। अनिल अपने दो भाइयों के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
घटना के बाद से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
