जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान और प्रवर्तन कार्रवाई जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि पिछले महीने हुई सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मौत केवल इसलिए हुई क्योंकि वे बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। उपायुक्त ने इसे बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि अधिकांश मौतें सीधे तौर पर चालकों की लापरवाही का परिणाम हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव भी हादसों के प्रमुख कारणों में शामिल रहे हैं।
दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया। यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग तथा सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी चढ़ाने-उतारने के मामलों में बस मालिकों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने को कहा गया। बिना फिटनेस और पुरानी गाड़ियों के संचालन पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पूर्व से चिन्हित ब्लैक स्पॉट के अलावा अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर भी सुधारात्मक उपाय लागू करने को कहा गया। उपायुक्त ने स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान तेज करने पर जोर दिया। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उत्पाद विभाग को शराब दुकानों के आसपास अवैध शराब बिक्री या सेवन पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही हिट एंड रन मामलों में लंबित मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निपटारा कर प्रभावित परिवारों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को गुड सेमेरिटन योजना के तहत सम्मानित करने की भी बात कही गई।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी शब्बा आलम अंसारी, एसपी ग्रामीण ऋषभ गर्ग, रेल एसपी अजीत कुमार, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी हेडक्वार्टर सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

