NEWS LAHAR REPORTER
समाहरणालय सभागार में डीडीसी रीना हांसदा की अध्यक्षता में कौशल विकास, आजीविका और रोजगार सृजन योजनाओं की समीक्षा बैठक
सरायकेला-खरसावाँ: समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में कौशल विकास, आजीविका, रोजगार सृजन एवं नाबार्ड से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में प्रशिक्षण केंद्रों की प्रगति, रोजगार उपलब्ध कराने और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली गई।
डीडीसी ने निर्देश दिया कि स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण के बाद उन्हें स्थानीय उद्योगों एवं संस्थानों में रोजगार से जोड़ने के साथ स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने युवाओं के पलायन को रोकने के लिए कृषि, पशुपालन, बागवानी और अन्य क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने को कहा।
पीएमएफएमई योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने तथा बैंकों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही नियमित रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप आयोजित कर स्थानीय युवाओं तक रोजगार के अवसर पहुंचाने को कहा गया।
डीडीसी ने श्रम एवं नियोजन, उद्योग, आरसेटी और जेएसएलपीएस समेत संबंधित विभागों को योजनाओं का पंचायत व प्रखंड स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, नियोजन पदाधिकारी, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण केंद्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

