NEWS LAHAR REPORTER
जादूगोड़ा। लगातार घटते यूरेनियम उत्पादन के बीच यूसिल कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। कंपनी शुक्रवार को अपने करीब 4 हजार कर्मचारियों के बैंक खातों में ₹11 करोड़ 90 लाख की बोनस राशि भेजेगी। बोनस की खबर से दुर्गोत्सव के दौरान सुस्त पड़े जादूगोड़ा बाजार में भी रौनक लौटने की उम्मीद है।
यूसिल के एचआर हेड राकेश कुमार ने बोनस भुगतान को लेकर संबंधित नोटिस बोर्ड पर सूचना जारी की है। मजदूर नेता श्रीनिवास सिंह के अनुसार, इस बार कर्मचारियों को न्यूनतम करीब ₹15 हजार और अधिकतम ₹60 हजार तक बोनस मिलने की बात कही गई है।
बताया गया कि बोनस भुगतान अप्रैल 2026 से मार्च 2027 की अवधि के आधार पर किया जाएगा। बोनस राशि खाते में पहुंचते ही दुर्गापूजा की खरीदारी को लेकर बाजार में गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। स्थानीय दुकानदार भी बोनस का इंतजार कर रहे हैं।
55 प्रतिशत बोनस समझौते का इतिहास
यूसिल कर्मचारियों के बोनस का इतिहास वर्ष 2018 के आंदोलन से जुड़ा है। उस समय घाटशिला से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने हड़ताली यूसिल मजदूरों के आंदोलन की अगुवाई की थी। आंदोलन के बाद बेसिक वेतन का 55 प्रतिशत बोनस देने को लेकर समझौता हुआ था। इसके बाद हड़ताल समाप्त हुई और कर्मचारी काम पर लौटे।
इसी समझौते के आधार पर हर साल यूसिल कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किए जाने की बात मजदूर संगठनों की ओर से कही गई है।
बोनस भुगतान के फैसले का यूरेनियम कामगार यूनियन के नेता श्रीनिवास सिंह, यूसिल लेबर यूनियन के महामंत्री प्रेम कुमार सिंह, सिंहभूम यूरेनियम मजदूर यूनियन के महामंत्री रमेश माझी, भोगला मार्डी और सुभाष कर्मकार ने स्वागत किया है।
बोनस राशि से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और दुर्गोत्सव से पहले जादूगोड़ा के बाजार में भी कारोबार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

