News Lahar Reporter
Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चाईबासा सदर प्रखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरकुंडीय गांव के तुरामडीह टोला में सोमवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले में 57 वर्षीय चांदो देवी की मौत हो गई। जबकि 60 वर्षीय लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि बरकुंडीय गांव में निर्माणाधीन मंदिर के पास कुछ लोग सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। गहरी नींद में होने के कारण लोग संभल नहीं सके। हाथी ने चांदो देवी को पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लखन कुदादा को भी घायल कर दिया।
मृतका के पुत्र गोपाल गोप ने बताया कि उनका परिवार तांतनगर ओपी क्षेत्र के कुंभराम गांव का रहने वाला है। उनकी मां मंदिर निर्माण कार्य में लगी थीं और रोज वहीं रुकती थीं। सोमवार की रात अचानक हाथी आ गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। वहीं घायल लखन कुदादा के पुत्र ने बताया कि उनके पिता मंदिर में पूजा-पाठ और निर्माण कार्य में जुड़े थे और उसी स्थान पर सो रहे थे, तभी हाथी ने हमला कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल चाईबासा भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घायल का इलाज अस्पताल में जारी है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने जंगली हाथियों से सुरक्षा की मांग की है।

