जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर शनिवार को चुनाव प्रचार का शोर शाम पांच बजे थम जाएगा। इसके साथ ही लाउडस्पीकर, जनसभा और जुलूस पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। हालांकि उम्मीदवार डोर-टू-डोर कैंपेन के जरिए घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर सकेंगे। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है और प्रेक्षक लगातार निगरानी कर रहे हैं।
प्रचार के आखिरी दिन सभी प्रत्याशी पूरे जोर-शोर से मैदान में हैं। कई उम्मीदवार पदयात्रा कर रहे हैं, वहीं शाम के बाद चुप प्रचार का दौर शुरू होगा। इस दौरान गुप्त बैठकों, रणनीति निर्माण और फोन के जरिए समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज होंगी। सभी दल 23 फरवरी को होने वाले मतदान की तैयारियों में जुट जाएंगे।
केंद्रीय मंत्रियों ने संभाला मोर्चा
शुक्रवार का दिन भाजपा के लिए खास रहा। चुनाव प्रचार में दो केंद्रीय मंत्री जमशेदपुर पहुंचे। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मानगो इलाके में रोड शो किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मतदाताओं से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में वोट की अपील की। मानगो में वोटकटवा उम्मीदवारों की मौजूदगी से भाजपा सतर्क है, इसी कारण यहां केंद्रीय स्तर के नेता को उतारा गया।
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जुगसलाई में रोड शो किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मानगो के मतदाताओं तक भी अपना संदेश पहुंचाया।
कांग्रेस का रोड शो, बन्ना गुप्ता ने गिनाईं उपलब्धियां
कांग्रेस की ओर से शनिवार को मानगो के डिमना रोड इलाके में रोड शो निकाला गया। इस रोड शो का नेतृत्व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया। उन्होंने कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार (पत्नी) के लिए वोट मांगे। इस दौरान उन्होंने ओल्ड व न्यू पुरुलिया रोड, निर्माणाधीन फ्लाईओवर और डिमना में अस्पताल निर्माण जैसी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मौका मिला तो मानगो की गंदगी और जाम की समस्या को दूर किया जाएगा।
कुल मिलाकर, प्रचार के आखिरी घंटों में मानगो नगर निगम चुनाव का माहौल पूरी तरह गर्म है। शाम पांच बजे के बाद प्रचार थमते ही रणनीति और चुप प्रचार का दौर शुरू हो जाएगा।
—

