जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष पद के लिए संजीव सिन्हा के नाम की औपचारिक घोषणा शनिवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में की गई। यह घोषणा जिला चुनाव अधिकारी सह प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं चुनाव पर्यवेक्षक सह पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने की। घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यालय में उत्सव का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, लड्डू वितरण व आतिशबाजी के साथ नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश परिषद सदस्यों के रूप में पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह तथा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुचिराम बाउरी के नामों की भी घोषणा की गई। जिला कार्यालय को पार्टी झंडों से सजाया गया था और विशेष मंच का निर्माण किया गया था, जहां बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नाम की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने संजीव सिन्हा को फूल-मालाओं और अंगवस्त्र से लाद दिया। पूरे परिसर में “भाजपा जिंदाबाद” के नारों के साथ उत्साह चरम पर रहा।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं का सम्मान और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
संजीव सिन्हा वर्ष 1994 से भाजपा के सक्रिय सदस्य हैं और संगठन में मंडल स्तर से लेकर जिला व प्रदेश स्तर तक विभिन्न दायित्व निभा चुके हैं। लंबे संगठनात्मक अनुभव के कारण पार्टी में उन्हें एक कर्मठ और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, शैलेन्द्र सिंह, बिनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, नीरज सिंह, डॉ. राजीव, मिथिलेश सिंह यादव सहित जिला, मंडल और मोर्चा स्तर के कई पदाधिकारी व हजारों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

