महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने शनिवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही वे राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई स्थित लोक भवन में आयोजित किया गया।
सुनेत्रा पवार का यह राजनीतिक उत्थान वरिष्ठ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के कुछ ही दिनों बाद हुआ है। बताया जा रहा है कि बारामती में हुए एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद यह बड़ा राजनीतिक फैसला लिया गया।
शपथ ग्रहण के दौरान लोक भवन में भावुक माहौल देखने को मिला। समारोह के दौरान “अजित दादा अमर रहें” के नारे गूंजते रहे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे।
सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने को महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय माना जा रहा है। उनके इस कदम से राज्य में महिला नेतृत्व को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
