जमशेदपुर : लौह नगरी जमशेदपुर एक बार फिर फूलों की रंगीन छटा और खुशबू से महक उठी है। नए साल के स्वागत को खास बनाने के लिए शहर के ऐतिहासिक गोपाल मैदान में 35वें वार्षिक फ्लावर शो एवं पुष्प प्रतियोगिता का भव्य आगाज हो गया है। यह पुष्प प्रदर्शनी 28 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है, जहां प्रकृति, हरियाली और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
जमशेदपुर हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी द्वारा आयोजित इस फ्लावर शो का उद्घाटन टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदररामम और टीआरएफ के प्रबंध निदेशक अभिजीत नानौती ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।
इस वर्ष फ्लावर शो की थीम “Topiary” रखी गई है, जिसमें पौधों और झाड़ियों को कलात्मक ढंग से तराशकर आकर्षक आकृतियों में प्रस्तुत किया गया है। इन फूलों की कलाकृतियों में न केवल रचनात्मकता बल्कि जमशेदपुर की सांस्कृतिक पहचान भी झलकती है।
शो का स्लोगन —
“फैली है फूलों की कलाकृति, यही है जमशेदपुर की संस्कृति”
आगंतुकों को खूब लुभा रहा है
फ्लावर शो में कुल 10 प्रतियोगी वर्गों में 208 से अधिक श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतियोगिताओं में फूलों के साथ-साथ सब्जी, फल, औषधीय पौधे, ऑर्नामेंटल प्लांट्स और नवाचार आधारित डिजाइनों को भी शामिल किया गया है। इसमें शौकिया बागवानी प्रेमियों के साथ कई संस्थान भी भाग ले रहे हैं।
इस आयोजन में जमशेदपुर के अलावा कोलकाता, रांची, भुवनेश्वर, पुणे और कालीकट जैसे शहरों से आए प्रदर्शकों ने अपने आकर्षक स्टॉल लगाए हैं। गोपाल मैदान में कुल सात हैंगर बनाए गए हैं, जिनमें 41 नर्सरी स्टॉल और लगभग 15 फूड स्टॉल शामिल हैं। यहां लोग पौधों की खरीदारी के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद ले सकते हैं।
कब क्या होगा
* 29 दिसंबर: तकनीकी कार्यशाला
* 30 दिसंबर: सीड एंड ड्रॉ प्रतियोगिता
* 31 दिसंबर: पुरस्कार वितरण समारोह
* 1 जनवरी: प्रदर्शनी का समापन
हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूर और महासचिव डॉ. अनुराधा ने बताया कि फ्लावर शो का उद्देश्य लोगों को प्रकृति, हरियाली और बागवानी से जोड़ना है। फूलों की खुशबू, रंग-बिरंगी सजावट और कलात्मक प्रस्तुतियों से सजा यह आयोजन जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लोगों के लिए यादगार अनुभव बन रहा है।

