सिमुलतला (जमुई) :
शनिवार देर रात हावड़ा–पटना–दिल्ली मेन लाइन पर जमुई-जसीडीह रेलखंड के सिमुलतला स्टेशन के पास बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह से झाझा की ओर जा रही सीमेंट लदी मालगाड़ी टेलवा बाजार हाल्ट के समीप पुल संख्या 676 पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में मालगाड़ी की 17 बोगी पटरी से उतर गईं, जिनमें से कई डिब्बे पुल से नीचे बड़ुआ नदी में जा गिरे, जबकि एक दर्जन से अधिक डिब्बे आपस में टकराकर डाउन लाइन पर फैल गए।
दुर्घटना के कारण रात 11:30 बजे से अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब दो दर्जन एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को जहां-तहां स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी में कुल 42 डिब्बे थे, जिनमें से 23 डिब्बे पटरी पर रह गए, हालांकि इनमें भी एक डिब्बा पटरी से उतरा हुआ है। गाड़ी में लगे दोनों इंजन सुरक्षित रहे और करीब 400 मीटर आगे टेलवा बाजार हाल्ट के पास जाकर रुक गए।
मालगाड़ी के चालक कमलेश कुमार और गार्ड मनीष कुमार पासवान ने तत्काल सिमुलतला स्टेशन को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे सिमुलतला स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ ओपी प्रभारी रवि कुमार और पीडब्लूआई रंधीर कुमार मौके पर पहुंचे।
आसनसोल रेल मंडल के पीआरओ ने बताया कि आसनसोल से तकनीकी और राहत टीम रवाना कर दी गई है और ट्रैक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जा रहा है। यह मालगाड़ी आसनसोल से सीतामढ़ी (बिहार) जा रही थी। हादसे का असर बिहार के साथ-साथ झारखंड से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है।

