जमशेदपुर : शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी गांधी परिवार के बेटे कनिष्क गांधी के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। कनिष्क गांधी सीएच एरिया के निवासी बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वह कल दोपहर करीब दो बजे घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।
काफी देर तक खुद तलाश करने के बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जांच के दौरान चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित सिल्वर सैंड रिजॉर्ट के पास कनिष्क गांधी की कार लावारिस हालत में बरामद हुई। सुनसान इलाके में खड़ी गाड़ी मिलने से इस बात की आशंका जताई जा रही है कि वाहन को जान-बूझकर वहां छोड़ा गया हो, ताकि जांच को भटकाया जा सके।
हालांकि, कार में किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, लेकिन कनिष्क गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि कनिष्क वहां तक कैसे पहुंचे और उसके बाद कहां गए।
परिजन किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं और पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
जमशेदपुर के कारोबारी गांधी परिवार का बेटा कनिष्क गांधी लापता, चांडिल के सिल्वर सैंड के पास कार मिलने से जांच रहस्यमय।

