जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। स्टेशन चौक से कीताडीह रोड होते हुए रनिंग रूम तक स्थित दुकानों पर 16 या 17 जनवरी को रेलवे का बुलडोजर चल सकता है। चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के निर्देश पर टाटानगर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग ने इस संबंध में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को पत्र लिखकर प्रस्तावित कार्रवाई की सूचना दी है।
रेलवे ने पत्र में अभियान के दौरान संभावित विरोध को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया है। रेलवे की स्टेशन विकास योजना के तहत इस पूरे इलाके को खाली कराया जाना है, जिसमें वर्षों से संचालित दुकानें शामिल हैं।
इससे पहले भी रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने विधि-व्यवस्था डीएसपी, बागबेड़ा थाना और टाटानगर आरपीएफ प्रभारी को पत्र भेजा था, लेकिन 5 जनवरी को स्थानीय सांसद के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई टाल दी गई थी।
बताया जाता है कि स्टेशन रोड के इस हिस्से में रेलवे की जमीन पर लीज लेकर करीब 27 दुकानदार लंबे समय से व्यवसाय कर रहे हैं। स्टेशन विस्तार के नक्शे में क्षेत्र शामिल होने के बाद रेलवे ने सभी लीजधारी दुकानदारों को नोटिस जारी किया था। इसके विरोध में दुकानदारों ने सांसद और डीआरएम से मुलाकात कर दुकानों को बचाने तथा विस्थापन से पहले पुनर्वास की मांग रखी थी।
जानकारी के अनुसार दुकानदार नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट जाने की तैयारी में हैं और रेलवे से और समय की मांग कर रहे हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन दुकानों को हटाने से जुड़ी कागजी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटा हुआ है।

