News Lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित कालिंदी रोड में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरक्षित माने जाने वाले इस इलाके में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
बताते हैं कि हाउस नंबर 15 निवासी लोकेश कुमार सिंह उर्फ गब्बर के घर में यह घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार बाहर गया हुआ था। मौके का फायदा उठाते हुए चोर घर में घुसे और अलमारी के ताले तोड़कर करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहनों की चोरी कर ली। चोरी गए सामानों में सोने के नेकलेस, कान की बालियां, नाक के झुमके समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोर 25 हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि गृहस्वामी लोकेश कुमार बिष्टुपुर थाना में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वह एक सड़क दुर्घटना के मामले में क्रेन लेकर जुबिली पार्क के पास गए हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी टाटा स्टील में ड्यूटी पर थीं, जबकि बच्चे ट्यूशन पढ़ने गए थे। घर पूरी तरह खाली होने के कारण चोरों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद कालिंदी रोड समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले इलाके में दिन के उजाले में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने पुलिस गश्ती में कमी का आरोप लगाते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

