NEWS LAHAR REPORTER
मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह भी शामिल, अंतिम संस्कार के लिए रांची भेजा गया शव
जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवाओं के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की छोटी बेटी तृषा सिंह, युवा व्यवसायी सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की मौत हुई है। चार युवाओं की एक साथ मौत की खबर से जमशेदपुर में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पताल प्रबंधन एवं पुलिस की आवश्यक कार्रवाई के पश्चात सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए। तृषा सिंह का शव अंतिम संस्कार के लिए रांची भेज दिया गया, जबकि अन्य मृतकों के शव भी उनके परिजन अपने साथ लेकर रवाना हुए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति अपनी संवेदना जताई।
अस्पताल में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह भाटिया, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, संजीव सरदार, कुणाल षाडंगी समेत कई जनप्रतिनिधि एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
हादसे के बाद से ही मृतकों के परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर का माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा।
तेज रफ्तार वाहन की दुर्घटना में गई चार जानें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के सोनारी के मरीन ड्राइव इलाके में तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार युवाओं की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा दुर्घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है। दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण की भूमिका रही है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास कर रही है।
एक ही हादसे में चार युवाओं की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर से उनके मित्रों, परिचितों और पूरे शहर में शोक का माहौल है।
