NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना लेक से सटे बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित एक रिसॉर्ट में कथित देह व्यापार के आरोप को लेकर रविवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने रिसॉर्ट पर धावा बोलते हुए वहां मौजूद कई युवक-युवतियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी की ग्रामीणों ने पिटाई भी कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे रिसॉर्ट के अलग-अलग कमरों में छापेमारी की। इस दौरान तीन कमरों से तीन जोड़ों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। वहीं एक अन्य कमरे में मौजूद एक जोड़ी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह महीने से इस रिसॉर्ट में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए तीन जोड़ों को अपने कब्जे में लेकर थाना ले जाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण रिसॉर्ट के मालिक को मौके पर बुलाने और रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों के कब्जे में रहे मैनेजर संतोष गिरी को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। उसने यह भी कहा कि एक ही चहारदीवारी के भीतर एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित होता है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट चलता है, जहां शहर के विभिन्न इलाकों से युवक-युवतियां आते हैं।
पुलिस ने रिसॉर्ट के कमरों की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

