News Lahar Reporter
जमशेदपुर : शहर की पत्रकारिता जगत के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा। वर्षों से निष्पक्ष और जनसरोकार की पत्रकारिता कर रहे न्यूज़ लहर पोर्टल की ओर से हिंदी मासिक पत्रिका “न्यूज़ लहर” का भव्य लोकार्पण समारोह बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के करकमलों से पत्रिका का विधिवत लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता थे।

बन्ना गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि पर्यावरण और जलवायु का संतुलन बिगड़ गया है। हमारे जीवन मूल्यों का भी संतुलन बिगड़ गया है। उन्होंने कहा कि लिखना एक कला है। इसमें साहित्य का बड़ा स्थान है। उन्होंने बताया कि एक बार हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू सीढियां चढ़ते हुए डगमगाए तो रामधारी सिंह दिनकर ने सहारा दिया। उन्होंने कहा कि जब राजनीति डगमगाती है तो साहित्य सहारा देती है।
l
बन्ना गुप्ता ने कहा कि इंसान को संघर्ष करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने तो लोगों ने कहा कि अब बन्ना खत्म हो गए। आगे नहीं जीत पाएंगे। लेकिन, हमने हार नहीं मानी। कई बार जीत कर विधायक बने। मंत्री भी बने।
विशिष्ट अतिथि बिहार एसोसिएशन के एसके सिंह थे।
उन्होंने कहा कि इस डिजिटल युग में एक पत्रिका निकालना बड़ा मुश्किल है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि इन दिनों मारकाट की खबरें अधिक दिखती हैं। अभी हमें देखना चाहिए कि जेन जी क्या पढ़ना चाहता है। उसे प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर शहर के अन्य वरिष्ठ पत्रकार, बुद्धिजीवी, अधिवक्ता, समाजसेवी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, समाज में मीडिया की भूमिका तथा जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का बुके और शाल देकर सम्मानित किया। पू्र्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने न्यूज लहर पत्रिका के मालिक अधिवक्ता संजय सिंह को भी बुके देकर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
न्यूज़ लहर के संस्थापक एवं अधिवक्ता संजय सिंह ने कहा कि न्यूज़ लहर ने पिछले कई वर्षों से डिजिटल माध्यम के जरिए निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहित की खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य किया है। अब उसी विश्वास और पाठकों के सहयोग से हिंदी मासिक पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता पहले से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं के दौर में समाज तक तथ्यपरक, संतुलित और जिम्मेदार पत्रकारिता पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। न्यूज़ लहर की मासिक पत्रिका समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों, जनसरोकार, सकारात्मक पहल, विश्लेषणात्मक लेखों और विश्वसनीय समाचारों को प्रमुखता से प्रकाशित करेगी।
संजय सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसका दायित्व केवल समाचार देना नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देना भी है। उन्होंने कहा कि न्यूज़ लहर सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों के साथ अपनी पत्रकारिता को आगे बढ़ाता रहेगा तथा शहर के बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और जागरूक नागरिकों के सुझावों एवं सहयोग का सदैव स्वागत करेगा।
लोकार्पण समारोह में इस्पात मेल व चमकता आइना के मालिक छोटकू जी और केके बिल्डर के मालिक भी मौजूद रहे।
न्यूज़ लहर पत्रिका के कार्यकारी संपादक अजय शंकर, डिप्टी न्यूज एडीटर इफ्तेखार अली, चीफ रिपोर्टर लाबोनी मुखर्जी सहित संपादकीय टीम के सदस्य एवं अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।

