NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में मंगलवार को उपनगर आयुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण एजेंसी स्पैरो सॉफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड को टैक्स वसूली में तेजी लाने और राजस्व बढ़ाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपनगर आयुक्त ने बताया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में अब तक केवल 48 हजार घरों से ही होल्डिंग टैक्स की वसूली हो सकी है, जबकि वर्तमान जनसंख्या के अनुसार करीब 10 से 15 हजार घर अभी भी टैक्स दायरे से बाहर हैं। उन्होंने एजेंसी को जल्द सर्वे कर इस अंतर को समाप्त करने का निर्देश दिया।
बैठक में निगम क्षेत्र के सभी व्यावसायिक संस्थानों जैसे होटल, बैंक्वेट हॉल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग मॉल, निजी स्कूल, जिम समेत अन्य प्रतिष्ठानों से होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की अनिवार्य वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी व्यावसायिक संस्थानों का पुनर्मूल्यांकन (री-असेसमेंट) करने के लिए टीम गठित कर सर्वे कराने का निर्देश भी दिया गया।
उपनगर आयुक्त ने कहा कि जो संस्थान अब तक होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाए और जुर्माना वसूला जाए।
बैठक में शहर के सभी आरओ वाटर सप्लायर और संचालकों को भी अपने व्यवसाय का निगम कार्यालय में रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिया गया। चेतावनी दी गई कि नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर व्यवसाय को बंद या सील भी किया जा सकता है।
वाटर यूजर चार्ज की वसूली को लेकर एजेंसी को अलग टीम गठित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी कमर्शियल वाटर कनेक्शनों का सर्वे कर व्यावसायिक शुल्क वसूलने तथा रेजिडेंशियल कनेक्शन का उपयोग कर व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया।
उपनगर आयुक्त ने समय पर टैक्स भुगतान करने वाले और सबसे अधिक टैक्स जमा करने वाले नागरिकों को चिन्हित कर सम्मानित करने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा ट्रेड लाइसेंस बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में नगर प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी राजस्व प्रदीप कुमार, टैक्स कलेक्शन एजेंसी के स्टेट हेड शैलेंद्र पांडे, एरिया मैनेजर अब्दुल वदूद, सर्कल मैनेजर शिवम कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

