NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित महतो पाड़ा रोड में इमतियाज जनरल स्टोर के पास हुई फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 31 मई 2026 की शाम कुछ अपराधियों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से इमतियाज जनरल स्टोर के समीप फायरिंग की थी। इस दौरान दुकान संचालक मोहम्मद इमतियाज के साथ मारपीट की गई और दुकान में रखी वेट मशीन समेत अन्य सामानों को नुकसान पहुंचाया गया। पीड़ित की शिकायत पर जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल पांच अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटनास्थल पर दो राउंड हवाई फायरिंग की थी। उसके साथ मो. अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह भी मौजूद थे।
पुलिस ने 2 जून को मो. अरमानुद्दीन उर्फ पलटन और मो. अरमान उर्फ राज बच्चा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 3 जून को जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मो. आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह को भी जुगसलाई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने फायरिंग में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्तौल और एक जिंदा गोली बरामद की। इसके अलावा घटनास्थल से एक खोखा, एक पिलेट, एक स्कूटी तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे रंगदारी, आपसी विवाद या किसी अन्य आपराधिक साजिश की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

