NEWS LAHAR REPORTER
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर कोलाबीरा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतका की पहचान गम्हरिया के रपचा निवासी फुलसरी महतो के रूप में हुई है। वहीं, घायल शंभू चरण महतो को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दवा लेने जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो अपनी बाइक से कदमा से दुगनी की ओर दवा लेने जा रहे थे। उनके साथ फुलसरी महतो भी बाइक पर सवार थीं। इसी दौरान कोलाबीरा के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फुलसरी महतो सड़क पर गिर गईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, शंभू चरण महतो घायल हो गए।
फरार होने की कोशिश में चालक पकड़ा गया
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उसका पीछा कर दुगनी के पास वाहन समेत पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मुआवजा और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि जिले में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। उन्होंने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने की मांग भी की। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस-प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा हुआ था।

