NEWS LAHAR REPORTER
दो अवैध चुलाई भट्टियां ध्वस्त, 1,200 किलो जावा महुआ और 90 लीटर महुआ शराब बरामद
चांडिल। आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ उत्पाद विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 7 अक्टूबर 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र के जरियाडीह, चाकुलिया एवं कठजोड़ में उत्पाद विभाग की टीम ने विधिवत छापेमारी की।
उपायुक्त के निर्देशानुसार एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावां के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने दो अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त किया। छापेमारी में मौके से करीब 1,200 किलोग्राम जावा महुआ तथा 90 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई।
उत्पाद विभाग की टीम ने बरामद अवैध शराब एवं जावा महुआ को विधिवत जब्त कर लिया। वहीं, अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
दुर्गापूजा को लेकर अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन की ओर से आगामी दुर्गापूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान अवैध शराब की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग का अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।

