NEWS LAHAR REPORTER
एसडीएम ने पूजा समितियों को दिए दिशा-निर्देश, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन पर जोर
चांडिल। शारदीय नवरात्र एवं दुर्गापूजा को लेकर बुधवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता ने की। इसमें डीएसपी, चांडिल बीडीओ तुलेश्वर रोहीदास, थाना प्रभारी संतन तिवारी समेत विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
बैठक में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम ने पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, आयोजन की तैयारियों तथा अन्य आवश्यक इंतजामों के संबंध में पूजा समितियों से जानकारी ली।
एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि पर्व के दौरान सभी लोग आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न होने दें। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आयोजन में पूरा सहयोग देने की अपील की।
डीजे साउंड सिस्टम पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक में प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि दुर्गापूजा के दौरान डीजे साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में गुरुचरण किस्कू, काबलू पाल, मिलन प्रमाणिक, तापस मंडल, समीर कुंडू, कृष्ण कालिंदी, अरुण बागड़िया, रत्नाकर खैतान, मो. फकरुद्दीन अंसारी, मो. सलीम समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

