जमशेदपुर : चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब डाउन दिशा में जा रही गीतांजली एक्सप्रेस से कूदने पर एक कॉलेज छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा की पहचान घाटशिला कॉलेज की सेमेस्टर तीन की छात्रा कविता नायक के रूप में हुई है, जो चाकुलिया प्रखंड के लोहामालिया गांव की रहने वाली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कविता नायक अपनी सहेली पूजा नायक के साथ घाटशिला स्टेशन से यात्रा के लिए निकली थी। दोनों गलती से गीतांजली एक्सप्रेस में सवार हो गईं। जब ट्रेन चाकुलिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से बिना रुके गुजरने लगी तो कविता घबरा गई और चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना के बाद उसकी सहेली पूजा नायक ट्रेन में ही रह गई, जिसने तुरंत मोबाइल फोन के जरिए कविता के परिजनों को हादसे की सूचना दी। वहीं ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़ी छात्रा को स्थानीय युवकों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल के एसआई करण सोरेन भी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा की स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल कविता नायक का इलाज जारी है और रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।

