NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो बाजार निवासी एवं सुमित ड्रेसेस के संचालक लक्ष्मी नारायण शर्मा ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत देकर अपनी दुकान में हुई कथित डकैती, कब्जा और मारपीट के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में उन्होंने बताया कि वह वर्ष 1996 से मानगो बाजार में “सुमित ड्रेसेस” नाम से कपड़ों की दुकान संचालित कर रहे हैं। उनके अनुसार, 27 जनवरी 2026 की रात पड़ोसी बिहारी लाल शर्मा, हेमंत शर्मा, विनोद शर्मा, भवानी शर्मा, प्रियंका शर्मा, अनूप शर्मा, राज, उमाशंकर शर्मा और मोहन गोराय समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से उनकी दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 20 लाख रुपये मूल्य का सामान, फर्नीचर, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, लगभग 70 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामान ले गए।
लक्ष्मी नारायण शर्मा का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी दुकान पर कब्जा करने की नीयत से इस पूरी घटना को अंजाम दिया। उनका कहना है कि 28 जनवरी की सुबह जब वह दुकान पहुंचे तो उनका ताला काटकर दूसरा ताला लगा दिया गया था। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की सूचना मानगो थाना को देने के बावजूद शुरुआत में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और समझौता करने का दबाव बनाया गया। उनका यह भी कहना है कि 13 मार्च 2026 को आरोपियों ने दुकान के शटर के बाहर ईंट की दीवार खड़ी कर दी और दोबारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
व्यवसायी ने SSP से मांग की है कि मामले में लंबित जांच में तेजी लाई जाए, चोरी गया सामान बरामद कराया जाए, दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी दुकान को पुनः सुचारु रूप से खुलवाकर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

