NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा और आनंदपुर प्रखंड को जोड़ने वाला समीज गांव स्थित कोयल नदी का पुल गंभीर रूप से जर्जर हो चुका है। पुल की वर्तमान स्थिति सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय बन गई है और स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जानकारी के अनुसार, पुल का एक पिलर धंस गया है। वहीं, कई स्थानों पर रेलिंग और गार्ड गर्डर टूट चुके हैं। कंक्रीट उखड़ने से लोहे की सरिया बाहर दिखाई देने लगी है, जिससे पुल की संरचनात्मक मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।
करीब 13 वर्षों की लंबी प्रक्रिया के बाद वर्ष 2016 में इस पुल का निर्माण पूरा हुआ था। लेकिन महज एक दशक के भीतर ही इसकी हालत खराब हो जाना निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
यह पुल गोईलकेरा और आनंदपुर प्रखंड के बीच आवागमन का प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र, मरीज और व्यापारी इसी पुल से आवाजाही करते हैं। ऐसे में पुल की बदहाल स्थिति लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बन गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराने, सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने तथा शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

