NEWS LAHAR REPORTER
मुसाबनी (पूर्वी सिंहभूम):- पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत कुमीरमुडी गांव के निवासी बासेत किस्कू, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, विगत सोमवार (20 जुलाई 2026) से लापता थे। परिजनों के अनुसार वे खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद उनके पुत्र सुनील किस्कू ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुरुवार (23 जुलाई 2026) को सुनील किस्कू ने इस संबंध में झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम को जानकारी दी। सूचना मिलते ही आनन्द हेम्ब्रम ने अपने सहयोगियों के साथ खोजबीन शुरू की और बासेत किस्कू को सुरक्षित खोज निकाला।
इसके बाद उन्हें अपने घर लाकर भोजन कराया गया। फिर उनके पुत्र सुनील किस्कू से फोन पर संपर्क कर बुलाया गया और बासेत किस्कू को सकुशल उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने पिता को सुरक्षित वापस पाकर सुनील किस्कू ने आनन्द हेम्ब्रम तथा सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा, चैतन सोरेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

