NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : पोटका प्रखंड की हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार बारिश के कारण तीन मिट्टी के मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं, जबकि आठ अन्य घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मकान गिरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और जीवन-यापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बारिश के कारण दुखनी सरदार, रांडू सरदार और सुनीता गोप के मिट्टी के घर पूरी तरह जमींदोज हो गए। तीनों परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने अब सिर छिपाने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं, लालटू गोप, छोटू गोप, आरती रजक, मंजू गोप, सोना मनी, जयंती गोप, तारनी गोप और कलावती गोप के घरों की दीवारों और छतों को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
कच्चे मकानों में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत
लगातार जारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बाद कच्चे व मिट्टी के मकानों में रहने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव और लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवारें कमजोर होकर धंस रही हैं। ऐसे में अन्य जर्जर मकानों के गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
मुखिया ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनके नुकसान का जायजा लिया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
प्रशासन से तत्काल राहत और सुरक्षित आवास की मांग
मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने अंचल प्रशासन से पूरी पंचायत में बारिश से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। साथ ही बेघर और प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा उनके लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने की अपील की है।
लगातार बारिश के कारण पंचायत के अन्य कच्चे मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत पहुंचाने और संभावित रूप से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।
पोटका के हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत में मूसलाधार बारिश से तीन घर ध्वस्त और आठ क्षतिग्रस्त, परिवारों ने प्रशासन से राहत मांगी।

