NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान में एक महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि एक महिला समेत तीन लुटेरे फ्लैट में घुसे और वहां मौजूद लीलावती अम्मा को बंधक बना लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने लीलावती अम्मा को करीब आधे घंटे तक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर गले से सोने की चेन तथा कान की बाली उतरवा ली गई।
लूटपाट के बाद तीनों बदमाश लीलावती अम्मा को फ्लैट की बालकनी में बंद कर मौके से फरार हो गए। बालकनी में बंद लीलावती अम्मा ने शोर मचाकर पड़ोसियों को मदद के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बालकनी से बाहर निकाला।
घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना मानगो थाना पुलिस को दिए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस घटना की जांच में जुट सकती है।

