NEWS LAHAR REPORTER
गुवा संवाददाता। किरीबुरू शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना पुलिस ने अब्दुल रेफ्रिजरेटर दुकान के बाहर से पुराना एसी चोरी कर जंगल में ले जाकर उसे तोड़ने और उसमें से तांबे के तार समेत अन्य कीमती सामान निकालने के मामले में एक नाबालिग आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
बताया गया कि चोर दुकान के बाहर रखा पुराना एसी उठाकर पास के जंगल में ले गए थे। वहां एसी को तोड़कर उसके अंदर से तांबे के तार और अन्य सामग्री निकाली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया। उसे नियमानुसार न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।
पूछताछ के दौरान नाबालिग आरोपी ने चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल कुछ लोगों के नाम बताए हैं। पुलिस इन नामों और मिली जानकारी का सत्यापन कर रही है। साथ ही, फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर दी सख्त हिदायत
किरीबुरू एसडीपीओ विनीत किंडो ने थाना प्रभारी रोहित कुमार के सहयोग से शहर के पुराने हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर सख्त हिदायत दी। पुलिस ने उन्हें अपराध से दूर रहने के साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय आपराधिक गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, मेन मार्केट हाटिंग, प्रोस्पेक्टिंग, चर्च हाटिंग और मुर्गापाड़ा समेत शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। इन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में नाबालिगों की संभावित संलिप्तता को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
पुलिस नाबालिगों के अपराध में शामिल होने की परिस्थितियों के साथ-साथ उन्हें अपराध की ओर धकेलने या संरक्षण देने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। यदि किसी बच्चे के अपराध में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उसे अपराध की राह से हटाकर सुधार की दिशा में ले जाया जा सके।

