NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर, 23 सितंबर। मनोहरपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर चिड़िया थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो नाबालिग किशोरों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोनों को विधि से संघर्षरत किशोर के रूप में बता रही है।
पुलिस के अनुसार, तीनों बच्चियां 17 सितंबर की शाम करीब सात बजे मुन्ना बेसरा के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। इसके बाद वे वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो राजवती मरांडी के लिखित आवेदन पर 21 सितंबर को मनोहरपुर थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बच्चियों की लोकेशन चिड़िया थाना क्षेत्र में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया। इसी दौरान दो नाबालिग किशोरों को भी हिरासत में लिया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डेविड ए. डोडराय ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि बच्चियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बच्चियों की बरामदगी में पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, थाना प्रभारी असीएल एक्का समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों किशोरों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।

