NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर के पूर्व छात्र और फिल्म निर्देशक रवि राज मुर्मू ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में झारखंड और संथाली सिनेमा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के लिए उन्हें ‘किसी निर्देशक की सर्वश्रेष्ठ पहली फिल्म’ (नॉन-फीचर) श्रेणी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवि राज मुर्मू को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में भी संथाली फिल्म ‘आंगेन’ के राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत होने को सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समावेश को बढ़ावा देने वाला बताया तथा रवि राज मुर्मू को बधाई दी।
संथाली सिनेमा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
‘आंगेन’ को यह सम्मान मिलना संथाली सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गैर-फीचर फिल्म वर्ग में पहली बार किसी संथाली फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है। फिल्म का निर्देशन रवि राज मुर्मू ने किया है।
करीम सिटी कॉलेज के रहे छात्र
रवि राज मुर्मू ने जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज से जनसंचार (मास कम्युनिकेशन) की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से फिल्म एडिटिंग में प्रशिक्षण हासिल किया। स्थानीय परिवेश, संथाली संस्कृति और लोककथाओं से जुड़ाव को उन्होंने अपनी फिल्म निर्माण यात्रा का आधार बनाया।
‘आंगेन’ के माध्यम से संथाली समाज, संस्कृति और स्थानीय जीवन से जुड़ी कहानी को राष्ट्रीय मंच मिला। रवि राज मुर्मू की इस उपलब्धि पर जमशेदपुर और करीम सिटी कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है।
