NEWS LAHAR REPORTER
रांची। झारखंड में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में 23 से 27 सितंबर तक बारिश, गरज-वज्रपात और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 24 सितंबर को राज्य में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
आज 23 सितंबर को दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं 24 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा समेत दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है।
25 और 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। 27 सितंबर को बारिश की तीव्रता कुछ कम होने के बावजूद कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम की ताजा चेतावनी पर नजर रखने की सलाह दी है।
खास बात: रांची के लिए भी 23 सितंबर को भारी बारिश और 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
