NEWS LAHAR REPORTER
गुवा। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) के यूनियन कार्यालय में बुधवार देर शाम मजदूरों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। इस दौरान सेल प्रबंधन से मजदूरों से जुड़ी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई। संघ ने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में ठेका मजदूरों को जॉइनिंग लेटर नहीं दिए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में मजदूरों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के लिए ठेकेदारों द्वारा तत्काल जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान, समय पर वेतन नहीं मिलने तथा फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के माध्यम से मजदूरी निकासी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
गुवा सेल अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग
संघ ने गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की। इसमें नियमित सफाई, नई एक्स-रे मशीन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को बेहतर भोजन, मधुमेह मरीजों के लिए अलग डाइट, नया एंबुलेंस तथा सफाई कर्मियों की बहाली की मांग शामिल है। इसके साथ ही अस्पताल से जुड़े लंबित सिविल कार्यों को भी शुरू कराने की मांग की गई।
क्वार्टरों की समस्या का स्थायी समाधान मांगा
मजदूर क्वार्टरों की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। संघ ने कहा कि बारिश के दौरान क्वार्टरों की छत से पानी टपकता है और कई घरों में गंदा पानी प्रवेश कर जाता है। इस समस्या का स्थायी समाधान करने के साथ-साथ 500 नए क्वार्टरों का निर्माण कराने की मांग की गई।
स्कूलों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी उठे
बैठक में इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति और डीएवी स्कूल में नए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई। इसके अलावा रिट्रेंचमेंट बेनिफिट तथा कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया।
500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन अधूरा
संघ ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन की ओर से 500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक केवल 18 लोगों की नियुक्ति हुई है। संघ ने शेष मजदूरों की बहाली की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने तथा सेमी-स्किल्ड और स्किल्ड श्रमिकों के लंबित भुगतान का भी तत्काल भुगतान करने की मांग की।
समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन और पुतला दहन
केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर प्रबंधन के साथ कई बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सेल प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन और प्रबंधन का पुतला दहन किया जाएगा।
रामा पांडे ने सीजीएम चंद्रभूषण कुमार पर मजदूरों की समस्याओं के प्रति मौन रहने का आरोप लगाया।
बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया सहित बड़ी संख्या में सेलकर्मी, ठेका कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद थे।

