NEWS LAHAR REPORTER
*जमशेदपुर।* सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव-दोमुहानी के समीप गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी *तृषा सिंह* समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना से पूरे शहर में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री *बन्ना गुप्ता* एमजीएम अस्पताल पहुंचे और हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है।
बन्ना गुप्ता ने कहा, *“एक मां के लिए अपनी संतान को खोने का दुःख शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। इस कठिन और असहनीय घड़ी में मैं ग्रामीण विकास मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह एवं उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”*
उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों के परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।
बताया गया है कि मरीन ड्राइव पर एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

