NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर/आनंदपुर। आनंदपुर प्रखंड के बागचट्टा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाबनुमा गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बागचट्टा निवासी अगस्तीन टुडू के 7 वर्षीय पुत्र गुलशन टुडू और 3 वर्षीय पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे बुधवार को आनंदपुर स्थित डीएवी स्कूल से घर लौटने के बाद घर के आसपास खेल रहे थे। शाम को जब उनके पिता काम से वापस घर लौटे तो दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाके में उनकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर अमरूद के पेड़ के नीचे स्थित एक छोटे तालाबनुमा गड्ढे में दोनों बच्चों के डूबे होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि पहले छोटी बहन एंजेल पानी में गिरी होगी। उसे बचाने के प्रयास में बड़ा भाई गुलशन भी पानी में उतर गया होगा। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दोनों मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हादसे ने पूरे बागचट्टा गांव को झकझोर कर रख दिया।
गुरुवार को परिजनों ने भारी गम के बीच दोनों मासूम भाई-बहन का अंतिम संस्कार किया। एक ही परिवार के दो छोटे बच्चों की एक साथ मौत से गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

