NEWS LAHAR REPORTER
कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी वंशिका, अंतिम विदाई में उमड़े स्थानीय लोग
आदित्यपुर। सोनारी के मेरिन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आदित्यपुर के देवाशीष कुंज निवासी पंकज खंडेलवाल की पुत्री वंशिका खंडेलवाल का गुरुवार देर शाम पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वंशिका की अंतिम विदाई के दौरान परिजन, रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग भावुक नजर आए। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।
इससे पहले शाम को वंशिका के आवास से अंतिम शवयात्रा निकाली गई। शवयात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिचित और शुभचिंतक शामिल हुए। नम आंखों से लोगों ने वंशिका को अंतिम विदाई दी। अचानक हुए हादसे में एक होनहार छात्रा की मौत से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं।
कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी वंशिका
वंशिका कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और अपने परिवार के लिए बेहद खास थी। सड़क हादसे में अचानक उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वंशिका अपने पीछे माता-पिता, एक भाई और दो बहनों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार गहरे सदमे में है।
वहीं सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी वंशिका के असमय निधन पर गहरा दुख जताया। लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन घड़ी में उन्हें संबल प्रदान करने की कामना की।
मेरिन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत
गौरतलब है कि गुरुवार तड़के सोनारी के मेरिन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई थी। हादसे में वंशिका खंडेलवाल समेत चार युवाओं की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
एक ही हादसे में चार युवाओं की मौत से जमशेदपुर, आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। चारों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

