NEWS LAHAR REPORTER
ट्रैफिक पुलिस द्वारा अचानक रोकने के प्रयास के दौरान कार से टकराई बाइक, युवक अस्पताल में भर्ती
चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्दरबेड़ा-दोमुहानी सड़क पर पंडित रघुनाथ मुर्मू चौक के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान चांडिल के सुकसारी निवासी धीरेंन प्रमाणिक के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की जांच के दौरान बाइक सवार युवक को अचानक रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान बाइक सवार ने खुद को बचाने की कोशिश की और सड़क किनारे जा रही एक कार से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में युवक घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और ट्रैफिक पुलिस की मदद से घायल युवक को उसी कार से इलाज के लिए चांडिल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उसका उपचार कराया गया।
चेकिंग के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखने की मांग
घटना को लेकर कांग्रेस नेता अरुण बागड़िया ने जिला ट्रैफिक पुलिस से वाहन जांच के दौरान सड़क सुरक्षा के नियमों का विशेष ध्यान रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वाहनों की जांच के दौरान बाइक सवारों को रोकते समय इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि अचानक ब्रेक लगाने या दिशा बदलने से कोई दुर्घटना न हो।
उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी से भी मांग की कि सड़कों पर खुले वाहनों में बालू, पत्थर और बोल्डर का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि भारी वाहनों की जांच के बजाय बाइक सवारों को चेकिंग के नाम पर अधिक परेशान किया जाता है।
अरुण बागड़िया ने मांग की कि वाहन जांच अभियान के दौरान सभी प्रकार के वाहनों के लिए समान और सुरक्षित तरीके से नियमों का पालन कराया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

