NEWS LAHAR REPORTER
रात से लगातार तेज बुखार, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने की जरूरत, 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने जताई चिंता
जमशेदपुर/डुमरिया। झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत जंगल ब्लॉक (रांगामाटिया-1) निवासी बीरसिंह देवगम की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें शनिवार रात से लगातार तेज बुखार है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार खराब होने के कारण तत्काल अस्पताल पहुंचाने की आवश्यकता बताई जा रही है। हालांकि, 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाने में परेशानी हो रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीरसिंह देवगम को तेज बुखार होने की सूचना मिलने पर सहिया धानी मुर्मू ने पैरासिटामोल दवा उपलब्ध कराई। इसके साथ ही एएनएम गायत्री कुमारी को भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद उनकी तबीयत में सुधार नहीं होने की बात सामने आई है।
108 एंबुलेंस सेवा से नहीं हो पा रहा संपर्क
बीरसिंह देवगम की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की जरूरत है। इसके लिए 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। इससे उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो रही है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से तत्काल मदद की मांग
झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय कार्यालय की ओर से स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और 108 एंबुलेंस सेवा से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की गई है। संगठन ने बीमार अध्यक्ष को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है।
संगठन ने संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि बीरसिंह देवगम को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

